वार हीरोज स्टेडियम अंबाला छावनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में रविवार को सुबह लगभग 2500 स्कूली बच्चों, महिलाओं, नागरिकों और प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। इस मौके पर पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षकों ने योगाभ्यास, ध्यान क्रियाओं व अन्य व्यायाम का अभ्यास करवाया।
पूर्वाभ्यास के समापन पर एसडीएम कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि 21 जून को वार हीरोज स्टेडियम अंबाला छावनी में ही जिला स्तरीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री राम विलास शर्मा भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि 21 जून को जिला स्तरीय कार्यक्रम में सुबह 6 से 7:30 बजे तक योगाभ्यास के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 35 मिनट के योगाभ्यास के प्रोटोकोल के अतिरिक्त योग संबंधी अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 जून को लगभग 4 हजार प्रतिभागी सामूहिक योगाभ्यास करेंगे और उन्हें योगाभ्यास के उपरांत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग दिवस पर देशवासियों के नाम संदेश भी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री का लाइव कार्यक्रम दिखाने के लिए डिश इत्यादि की व्यवस्था की गई है।
पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधि स्वर्ण सिंह, सोनू, जय सिंह और राधा ने मंच से योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। जिला प्रभारी अरुण राणा व पतंजलि के अन्य प्रतिनिधि और साधक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।