बराड़ा। साहा चौक पर बुधवार को पुलिस ने अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किग पर शिकंजा कस दिया। यह कार्रवाई बराड़ा के डीएसपी सुरेश कुमार की निगरानी में हुई।
इस मौके पर साहा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार और शहजादपुर ट्रैफिक इंचार्ज कर्मवीर सिंह अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने सड़क पर अनधिकृत तौर पर खड़े और विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों के मौके पर चालान किए। स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं डीएसपी के समक्ष रखी। लोगों ने बताया कि प्राइवेट और सरकारी बसें साहा चौक पर आकर रुक जाती हैं। इससे जाम की स्थिति रहती है।
इसके लिए डीएसपी ने दुकानदारों को भी दिशा निर्देश दिए कि वह अपनी दुकानों के आगे चौक पर किसी भी बड़े वाहन को खड़ा ना होने दें। भविष्य में यदि साहा चौक पर वाहन खड़ा होता है तो सड़क यातायात नियम तोड़ने पर उस बस के चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानों के आगे फल सब्जी व अन्य सामान के ठेले लगाकर अवैध अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी।
ट्रैफिक इंचार्ज कर्मवीर ने भी दुकानदारों को दिशा निर्देश दिए कि वह अपनी दुकानों के आगे किसी भी वाहन को खड़ा ना होने दें। इस दौरान 16 वाहनों के चालान मौके पर किए गए। ट्रैफिक इंचार्ज के द्वारा एक प्राइवेट बस का भी चालान किया गया और दूसरा चालान अंबाला कैंट की तरफ से आ रही एक हरियाणा रोडवेज की बस जोकि नारायणगढ़ की तरफ जा रही थी, उसका भी चालान किया गया।