नग्गल। शहर विधानसभा के नग्गल हल्के के दो गांव तेजा मोहड़ी और आदोमाजरा के किसानों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आदोमाजरा के किसानों ने अपने गांव की हद में कृत्रिम बांध बनाकर बरसाती पानी के रुख को मोड़ दिया। इस कारण पानी गांव तेजा व मोहड़ी (संयुक्त पंचायत) के किसानों के खेतों में जा घुसा है।
इस वजह से तेजा और मोहड़ी गांवों के किसानों की 350 एकड़ के करीब गेहूं की फसल जलमग्न हो गई है। इसी बात को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण आमने सामने हो गए। इसके बाद तुरंत नग्गल पुलिस और पंचायत विभाग अफसर मौके पर पहुंचे। सोमवार देर रात तक विवाद और तनाव जारी रहा। ग्रामीण जगतार सिंह, का ला मोहड़ी, चरणजीत सिंह मोहड़ी, भजन सिंह तेजा, सुरजन सिंह, धर्म सिंह, गुरमेल सिंह, गुरनाम सिंह, चरण सिंह, प्रेम सिंह, रूलिया राम, समिंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह व कुलदीप सिंह का कहना है कि आदोमाजरा के लोगों ने बांध बनाकर दूसरे गांवों के किसानों की सैंकड़ों एकड़ फसलों के लिए संकट खड़ा हो गया है।
उधर, आदोमाजरा के किसानों का कहना है कि जमीन का ढलान उनके गांवों की ओर है, इसलिए बरसात में हर साल उनकी फसलें जलमग्न होकर खराब होती है, इसलिए उन्हाेंने अपनी जमीन पर यह बांध बनाया है। सोमवार रात तनाव बरकरार रहा और बांध भी नहीं टूटा। तनाव को देखते पुलिस बल तैनात है।