अंबाला। पटेल नगर के लोगों के लिए आवारा कुत्ता परेशानी बन गया है। मंगलवार को भी इस कुत्ते ने दो महिलाओं को काट लिया। महिला ने छावनी नागरिक अस्पताल पहुंचकर बचाव के लिए टीका लगवाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही कोई इस कुत्ते को छोड़ गया था। दो दिन में यह कुत्ता चार महिलाओं को काट चुका है। हर बार गली में से गुजरने वाली महिला पर हमला कर काट लेता है। स्थानीय लोग अब नगर परिषद जाकर अधिकारियों को शिकायत देकर आवारा कुत्तों से बचाने की गुहार लगाएंगे। इलाकावासी आशु ने बताया कि नगर परिषद को आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई व्यवस्था करनी चाहिए। पिछले 4 दिन से गली में से गुजरना भी महिलाओं, बच्चों व बुजुर्ग के लिए मुश्किल हो गया है।