संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। टूंडला गांव में बेसहारा गोवंशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार रात गांव में अपनी बहन के घर आई एक महिला पर बेसहारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला के पेट में सींग मार दिया। इससे उनके पेट में करीब चार इंच का घाव हो गया। लहूलुहान हालत में महिला को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए।
पीड़िता की बहन पूनम ने बताया कि भूर मंडी निवासी सोनिया (35) अपने परिवार के साथ टूंडला गांव में उनके घर आई हुई थीं। सोनिया जब घर के पास गली में मौजूद थीं, तभी एक बेसहारा सांड तेजी से उनकी तरफ आया और अचानक हमला कर दिया। जब तक सोनिया संभल पातीं, सांड ने उनके पेट में सींग घोंप दिया। सोनिया की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद सांड को खदेड़ा।
परिजन गंभीर रूप से घायल सोनिया को कैंट के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के चिकित्सक अमित ने बताया कि महिला के पेट पर लगभग 4 इंच का गहरा घाव हुआ था इसलिए घाव पर 8 से 10 टांके लगाए गए, लेकिन परिजनों की जल्दबाजी के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष
पीड़िता की बहन पूनम और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में बेसहारा गोवंश की संख्या लगातार बढ़ रही है। गलियों और मुख्य रास्तों पर आवारा सांड घूमते रहते हैं। इससे हर समय हादसों का डर बना रहता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।