अंबाला। स्ट्रॉम वाटर परियोजना छावनी के लिए वरदान साबित होगी। परियोजना के तहत चल रहा काम पूरा होते ही छावनी क्षेत्र जलभराव की समस्या से निजात पा लेगा। दूसरी तरफ मानसून से पहले नालों की सफाई के लिए नगर परिषद कार्रवाई में जुट गया है।
रिहायशी क्षेत्रों में चल रहे स्ट्राॅम वाटर परियोजना के तहत पाइप डालने का कार्य भी जारी है। उम्मीद है कि बारिशों से पहले अधिकतर काम पूरा कर लिया जाएगा, जिससे कि किसी भी क्षेत्र में बारिश के दौरान स्थानीय लोगों को जलभराव की परेशानी न झेलनी पड़े। नगर परिषद से प्राप्त जानकारी अनुसार यह कार्य उन क्षेत्रों में किया जा रहा है, जहां बारिशों के दौरान सबसे ज्यादा जलभराव होता था।
इसमें बंगाली मोहल्ला अहाता, आनंद निवास अहाता, कोरी मंडी अहाता, छोटाई अहाता, कसाई अहाता, केदारनाथ अहाता, डॉ. धर्म सिंह अहाता, मोची मंडी का अहाता शामिल है। इसी प्रकार रिहायशी क्षेत्र की गलियों के तहत पंजाबी मोहल्ले की गलियां, कच्चा बाजार की गलियां, सराफा बाजार की गलियां, क्राॅस रोड नंबर 8 से 12 तक की गलियां, एनसी रोड, निकलसन रोड और हरगोलाल फैक्ट्री की गली, बंगाली मोहल्ला, पुलिस क्वार्टर, चूना चोक, राम बाजार की गली, ग्वाल मंडी और पल्लेदार मोहल्ले की गली, गुड़ और पंसारी बाजार की गली शामिल है।
29 करोड़ की परियोजना 50 तक पहुंची
अटल अमृत परियोजना के तहत छावनी के सदर क्षेत्र में 29 करोड़ की लागत से 31 किमी लंबी स्ट्राम वाटर की पाइप लाइन बिछाई है। इसमें निकलसन रोड और सदर क्षेत्र के 27 अहातों को इस सुविधा से लैस कर दिया है और इन क्षेत्रों की पाइपों को मुख्य लाइन से जोड़ दिया है। इसमें 1200 मीटर लंबी सेंट्रल ड्रेन और 600 मीटर की सदर क्षेत्र ड्रेन का कार्य पहले ही पूरा कर लिया था। वहीं रिहायशी क्षेत्रों और अहातों व गलियों को शामिल करने से यह बजट 50 करोड़ तक पहुंच गया है।
आरसीसी के पाइप से होगी निकासी
बारिश के पानी की निकासी के लिए खुले नालों को बंद करके इनकी जगह आरसीसी पाइप डाल दी गई है और ये पाइप भूमिगत तरीके से बिछाई गई हैं। इनके साथ ही गंदगी व कूड़ा-करकट निकालने के लिए मेन होल भी बनाए गए हैं। इस परियोजना के तहत 15 किलोमीटर नालियों में आरसीसी का पाइप डाला गया है। इसके अलावा मुख्या नाला और 12 क्रास रोड के लगभग डेढ़ किमी लंबे नाले का निर्माण भी इस परियोजना के तहत किया गया है जोकि सेवा समिति चौक से गुड़गुड़िया नाले तक जोड़ा गया है।
इन क्षेत्रों में हालात होते थे बद्दतर
अंबाला छावनी के सबसे निचले क्षेत्रों में शुमार पॉश कॉलोनियों सहित अन्य जगह में बारिश के दौरान जलभराव लोगों के लिए मुसीबत बन जाता था। इससे उनके घरों में रखा सामान भी खराब हो जाता था। सबसे बुरा हाल गोबिंद नगर, राम नगर, दयाल बाग, शिव प्रताप नगर, बब्याल, बोह, एकता विहार, अग्रसेन नगर, ग्रीन पार्क, राना पार्क क्षेत्रों में राहत मिलेगी।
वर्जन
अमृत परियोजना के तहत स्ट्राम वाटर की पाइप लाइन बिछाने का कार्य लगातार चल रहा है। सदर बाजार सहित अन्य बाजारों में पहले ही पाइप लाइन डाली जा चुकी है। सेंट्रल ड्रेन भी तैयार है। वहीं अहातों और कुछ गलियों में काम चल रहा है जोकि जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होते ही छावनी के लोगों को जलभराव की समस्या से पूरी तरह से निजात मिल जाएगी।
मंदीप सिंह, एक्सईएन नगर परिषद।
अंबाला छावनी के अहातों में डाली जा रही भूमिगत पाइप लाइन। संवाद