संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन ने ढंडारी कलां रेलवे स्टेशन पर 14 प्रमुख ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को अगले तीन महीनों के लिए यानी मार्च 2027 के अंत तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
उत्तर रेलवे मुख्यालय के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह विस्तार फिरोजपुर मंडल के प्रस्ताव पर स्वीकृत किया गया है। पहले इन ट्रेनों का ठहराव दिसंबर 2026 के अंत तक निर्धारित था। इसे अब यात्री सुविधा को देखते हुए 27 मार्च से 31 मार्च 2027 तक अलग-अलग तिथियों के अनुसार बढ़ा दिया गया है।
इन ट्रेनों का बढ़ाया गया ठहराव
ट्रेन नंबर 12054 अमृतसर-हरिद्वार एक्सप्रेस, पहले 30 दिसंबर 2026 तक ठहराव था, अब 31 मार्च 2027 तक रुकेगी। इसी प्रकार 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट 31 मार्च 2027 तक, 22552 जालंधर सिटी-दरभंगा 28 मार्च, 14616 अमृतसर-लालकुआं 27 मार्च, 15212 अमृतसर-दरभंगा 31 मार्च, 12204 अमृतसर-सहरसा 31 मार्च, 12498 अमृतसर-नई दिल्ली 31 मार्च, 14680 अमृतसर-दिल्ली 31 मार्च, 14650 अमृतसर-जयनगर 31 मार्च, 14674 अमृतसर-जयनगर 30 मार्च, 19326 अमृतसर-इंदौर 28 मार्च, 22424 अमृतसर-गोरखपुर 28 मार्च, 14604 अमृतसर-नरकटियागंज 31 मार्च, 15532 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस 29 मार्च तक ढंढारी कलां स्टेशन पर रुकेगी।
-
यात्रियों को व्यापक जानकारी देने के निर्देश
प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि मुख्यालय ने संबंधित मंडलों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ढंडारी कलां स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव विस्तार की सूचना स्टेशन नोटिस बोर्ड, पूछताछ कार्यालयों और नियमित उद्घोषणाओं से लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।