अंबाला सिटी। काला पुल के निकट झगड़े में घायल युवक को मचाने गई ईआरवी की टीम पर वीरवार रात 9 बजे हमला हो गया। 10 से 12 लोगों ने मिलकर ईआरवी पर पथराव कर दिया। इस बीच एक ईएचसी यानी ईआरवी प्रभारी व एसपीओ पत्थर लगने पर मामूली रूप से चोटिल हो गए। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने ईआरवी प्रभारी बलदेव राज की तहरीर पर बीएनएस में मारपीट की धारा 121-1 व जबरन रोकने की धारा 126, सरकारी काम में बांधा डालने की धारा 132, 221 के तहत पांच पर मामला दर्ज कर लिया। इन आरोपियों की पहचान दीपक, श्याम लाल, नीरज कुमार, संदीप, मनी के रूप में हुई।
घायल ईआरवी प्रभारी ईएचसी बलदेव रात ने बताया कि 11 सितंबर की रात को उनके पास कॉलर साहिल का फोन आया था कि वह अपने चाचा व दोस्त के साथ था। घन्नौर थाना में गुमशुदा व्यक्ति रमेश कुमार से लेनदेन था। उन्होंने रमेश को महेश नगर के टांगरी बांध के पास से काबू किया है। वह उसे लेकर कालका चौक आ रहे हैं, जैसे ही उनकी टीम पहुंचा तो साहिल मौके पर नहीं मिला। दोबारा साहिल का फोन आने पर वह काला पुल के पास पहुंचे तो साहिल ने बताया कि उन पर हमला हुआ है, इतने में वह साहिल को सुरक्षित करने के लिए गाड़ी में बिठा रहे थे कि तभी 10 से 12 लोगों ने आकर ईआरवी पर पथराव शुरू कर दिया था। बाद में हमलावर गुमशुदा व्यक्ति रमेश कुमार को लेकर भाग गए।