अंबाला सिटी। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को जिले के बरसाती पानी से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान सैलजा ने पानी में फंसे लोगों से बातचीत की। सैलजा ने शहर के मनमोहन नगर, देवीनगर, बलदेव नगर, होलसेल कपड़ा मार्केट, सेक्टर 9 के साथ ही गांव टंगेड़ियां, नग्गल व नडियाली का मुआयना किया। इन इलाकों में अभी तक जलभराव की स्थिति है। इसके अलावा कुमारी सैलजा ने अंबाला कैंट के इंडस्ट्रियल एरिया, डेहा कॉलोनी, रामकिशन कॉलोनी, टांगरी बांध कॉलोनी, लक्ष्मी पुरा व मुलाना विधानसभा के शेरगढ़ समेत कई गांवों में भी जलभराव की स्थिति का मुआयना किया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले नौ सालों से राज्य सरकार विकास का दावा कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि एक झटके में ही विकास के झूठे दावे की पोल खुल गई। सैलजा ने कहा कि अगर विकास होता तो लोगों को ऐसे भयानक मंजर का सामना न करना पड़ता। सरकार की नीतियों से हर वर्ग दुखी है। सैलजा ने कहा कि अगर सरकार जनता के दर्द को नहीं समझेगी तो फिर कांग्रेस सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेगी।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, किरण बाला जैन, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट रोहित जैन, राष्ट्रीय सचिव चेतन चौहान, परविंद्र परी, तरुण चुघ, सुधीर जायसवाल व अन्य मौजूद रहे।