संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सिटी के सुषमा स्वराज बस अड्डे की नई कार पार्किंग में सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। मुख्य नाला ब्लॉक होने के कारण पार्किंग में जल निकासी नहीं हो पा रही है। बदबूदार पानी के बीच दिनभर काम करने से कर्मचारियों के पैरों में संक्रमण और खुजली की समस्या हो रही है।
कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। पार्किंग को शुरू हुए अभी एक साल ही हुआ है, लेकिन देखरेख के अभाव में यहां बदहाली का आलम है। जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने से कर्मचारियों और आने-जाने वाले लोगों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-
संक्रमण से परेशान कर्मचारी, खुद खरीदने पड़ रहे जूते
पार्किंग कर्मचारी सौरव ने बताया कि गंदे पानी में लगातार काम करने के कारण उनके पैरों में दो बार गंभीर खुजली का संक्रमण हो चुका है। उन्हें डॉक्टर से उपचार करवाना पड़ रहा है। कर्मचारियों को दूषित पानी से बचने के लिए अपने खर्च पर रबड़ के लंबे जूते खरीदने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि इस समस्या के बारे में महाप्रबंधक को कई बार मौखिक और लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पार्किंग कर्मचारियों ने कार पार्किंग के बारे में शिकायत दी थी। शिकायत को महाप्रबंधक को भिजवा दिया है। जल्द ही इस समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- सत्यवान, अड्डा इंचार्ज, बस स्टैंड, अंबाला सिटी।
अंबाला सिटी की कार पार्किंग में जमा नाले का पानी। संवाद