अंबाला। अंबाला कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड रिसर्च में श्री रामस्वरूप मेमोरियल ट्रस्ट (एसआरएसएमटी) अंबाला की ओर से इंजीनियरिंग एवं बीबीए में प्रवेश के लिए छात्रवृत्ति परीक्षा ली गई।
इसमें अंबाला और आसपास के स्कूलों और पॉलीटेक्नीक के 157 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। कॉलेज निदेशक डॉक्टर आशावंत गुप्ता ने बताया कि श्री रामस्वरूप मेमोरियल ट्रस्ट एक गैर लाभकारी गैर सरकारी संगठन एनजीओ है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, कला-संस्कृति और खेल को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि छात्र उस विषय का चयन करें, जिसमें वह रुचि रखते हैं। इंडस्ट्रियल रिसोर्स पर्सन अश्वनी गोयल ने बताया कि यह परीक्षा विकासशील उद्यमियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट शिक्षा को बढ़ावा देने में योगदान देती है, जो बदले में देश में रोजगार पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि योग्य छात्रों की पहचान करने के लिए एसआरएसएमटी हर साल एक राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित करता है।
इस परीक्षा के आधार पर एक करोड़ रुपये तक की छात्रवृत्ति आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। छात्रवृत्ति के अलावा अव्वल आने वाले छात्रों को आकर्षक पुरस्कार जैसे टैब, स्मार्ट वॉच और स्मार्ट स्पीकर से सम्मानित भी किया जाएगा। कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. कमल कुमार शर्मा एवं रजिस्ट्रार ग्रुप कैप्टन सीएस शर्मा ने बताया कि मेडिकल के छात्र भी बायोटेक्नोलॉजी में प्रवेश लेकर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। परीक्षा के मुख्य समन्यवक डॉ. विजय कुमार आनंद एवं इंजीनियर राजविंद्र कौर रहे।