संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। नेशनल हाईवे 344 पर धीन गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार देवीदयाल निवासी सिरसगढ़ की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में सतीश कुमार निवासी खुदाबक्शपुर उत्तर प्रदेश ने कहा कि पंचायत विभाग में सफाई कर्मचारी का काम करता है।
शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण वह अपने छोटे भाई देवी दयाल निवासी गांव सिरसगढ़ से मिलने उसके घर आया था। रविवार सुबह वह दोनों अपनी अलग-अलग मोटरसाइकिल पर जगाधरी की तरफ चले थे। जब वह नेशनल हाईवे-344 पर गांव धीन बस अड्डे से थोड़ा पहले पहुंचे तो उसके भाई की बाइक को पंचकूला की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा ने टक्कर मार दी।
इससे उसका भाई देवी दयाल सीधा गाड़ी के शीशे से टकराया। हादसे में उसके भाई को सिर और माथे पर गंभीर चोटें आई। शिकायतकर्ता सतीश कुमार ने कहा कि एक्सिडेंट में यूपी नंबर की क्रेटा गाड़ी का अगला टायर भी फट गया और गाड़ी चालक भीड़ का फायदा उठा गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।