हरियाणा में दो दिन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अत्यधिक कोहरा छाने से विजिबिलिटी पांच मीटर से भी नीचे चली गई है। ग्रामीण क्षेत्र के मैदानी इलाकों में तो सुबह के समय दृश्यता तीन मीटर तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन अंबाला में घना कोहरा पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने बताया कि घने कोहरे में वाहन चालक उतनी ही स्पीड में वाहन चलाएं, जितनी स्पीड कंट्रोल हो सके। वहीं कोहरे के कारण 19 ट्रेनें लेट चल रही हैं। बस भी अपने निर्धारित समय पर नहीं पहुंच रही। दूसरी तरफ घना कोहरे से गेहूं की फसल को फायदा है। ठंड बढ़ने से गेहूं का फुटाव होगा।
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के वैज्ञानिक अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को अत्यधिक कोहरा छाने की संभावना है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को दिन में भी ठंड ने परेशान किया। सुबह 11 बजे तक कोहरे से थोड़ी राहत मिली लेकिन दोपहर तीन बजे ही धूप धीमी होने से ठंड बढ़ गई। शाम को ठिठुरन भरी ठंड रही। बुधवार को भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
ग्रामीण क्षेत्र में सड़क पर स्ट्रीट लाइट नहीं
शहर से ग्रामीण क्षेत्र की तरफ जा रही सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। घना कोहरा छाने से रात को विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच जाती है। ऐसे में सड़क पर कोई स्ट्रीट लाइट न होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर निगम के क्षेत्र तक तो कुछ जगहों पर लाइट लगी हैं, मगर ग्रामीण एरिया में शहर से जाने वाली सड़क पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। यही नहीं सड़क पर सफेद पट्टी भी धुंधली हो चुकी है। जिससे रात में घना कोहरा छाने से रास्ता नहीं दिखता। इस कारण रात को हादसे हो रहे हैं। ऐसी ही स्थिति शहर से जलबेड़ा गांव की तरफ जानी वाली सड़क की भी है। इस सड़क पर कोई भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। सौंडा कॉलोनी के बाद तो सड़क पर घना अंधेरा छाया रहता है।
आगे ऐसा रह सकता है मौसम
- 27 दिसंबर को सुबह अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना। दिन का अधिकतम 20.9 तापमान डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- 28 दिसंबर को सुबह घना कोहरा छाने की संभावना। दिन का अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- 29 दिसंबर को सुबह घना कोहरा छाने की संभावना। दिन का अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- 30 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
अधिकारी के अनुसार
ठंड होने से गेहूं की फसल को फायदा होगा। ठंड पड़ने पर गेहूं का फुटाव होगा। अभी फसल को ठंड से कोई नुकसान नहीं है। पाला पड़ने पर नुकसान होने की संभावना रहती है। -डॉ. जसविंद्र सिंह, जिला उप कृषि निदेशक, अंबाला।