- मध्यप्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और गुजरात सहित बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। क्रिसमस के अवसर पर लंबी दूरी की ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अमृतसर से मडगांव के बीच विशेष ट्रेन के संचालन का फैसला किया है। इस ट्रेन के संचालन से मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन का संचालन तीन दिन के लिए किया जाएगा। अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि ट्रेन के आरक्षण को लेकर भी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है और ट्रेन से जुड़ी जानकारी भी सिस्टम पर अपडेट कर दी गई है ताकि यात्रियों को इस विशेष ट्रेन की जानकारी मिल सके और वो समय रहते इसमें आरक्षण करवा कंफर्म टिकट प्राप्त कर सकें।
ट्रेन की समय सारिणी
ट्रेन नंबर 04694 अमृतसर से 22 व 27 दिसंबर और 1 जनवरी 2026 को सुबह 5:10 बजे रवाना होकर सुबह 9:10 बजे अंबाला कैंट और अगले दिन रात 11:55 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04693 मडगांव से सुबह आठ बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:15 बजे अंबाला कैंट और सुबह 4:30 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
बीच रास्ते होगा ठहराव
दोनों दिशाओं में इस विशेष ट्रेन का ठहराव ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना, साहनेवाल,अंबाला कैंट, पानीपत, दिल्ली सफरदरजंग, पलवल, मथुरा, गगनपुर सिटी, स्वाई माधोपुर, कोटा, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वसई, कामन रोड, पनवेल, रोहा, मंगाव, खेड, चिपलून, संगमेश्वर, रत्नागिरी, राजापुर, कांकवाली, खुदल, स्वतवंदी रोड, थिवम व करमेलाई स्टेशनों पर दिया जाएगा।
44.30 घंटे में पूरा करेगी 2373 किमी का सफर
अमृतसर से मडगांव के बीच चलने वाली यह ट्रेन 2373 किमी का सफर 44.30 घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन की एवरेज गति 55.32 किमी प्रतिघंटा रहेगी। ट्रेन में वातानुकूलित श्रेणी सहित स्लीपर के 21 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी लुधियाना, अंबाला, कोटा, रतलाम, पनवेल और चिपलून स्टेशन अधीक्षकों को सौंपी गई है जो पानी के अलावा अन्य सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।