नारायणगढ़। गांव डेरा स्थित सामुदायिक भवन में जन संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. शालीन ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान काला आम्ब के दुकानदारों ने दुकानों से संबंधित जगह के तहत हरियाणा व हिमाचल की परिधि में निशानदेही करवाने में आ रही समस्या से अवगत करवाया।
उपायुक्त ने दुकानदारों को बताया कि यह बात उनके संज्ञान में है। यह विषय राज्य स्तर पर टेकओवर करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसका नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि कोई जगह खरीदता है उस जगह को खरीदने से पहले सारी पड़ताल करें, सचेत रहें।
गांव डेरा की ब्लॉक समिति ने तालाब की चहारदीवारी पक्का करने, एक प्रार्थी की विधवा पेंशन लगवाने के बारे में बताया। इसके अलावा गांव के नजदीक एक निजी कंपनी की ओर से गंदा पानी मारकंडा नदी में डालने की समस्या रखी। इस पर बीडीपीओ संजय टांक ने बताया कि कंपनी को नोटिस दिया गया है। उन्होंने कहा कि तालाब की चहारदीवारी का कार्य ग्राम पंचायत द्वारा टेकओवर करके किया जाएगा। यदि इसके बावजूद कोई समस्या आती है तो कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान संबंधित व्यक्ति की शिकायत का पंजीकरण भी किया जा रहा था।
उप स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की नियुक्ति की मांग
गांव डेरा के सरपंच बलजीत सिंह ने गांव के मुख्य मार्ग पर पानी निकासी की समस्या, झिड़ीवाला रोड की मरम्मत करने की बात रखी। काला आम्ब की सरपंच उषा रानी ने शिवालिक काॅलोनी के पास नाले को पक्का करवाने व पुल पर अवैध कब्जा हटवाने की शिकायत दी। इसके अलावा सफाई के लिए कर्मचारी उपलब्ध करवाने के बारे में कहा। काला आम्ब में पेयजल की बेहतर आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन डलवाने, चौकी में बरसात के सीजन में जलभराव की समस्या, उप स्वास्थ्य केंद्र में डाॅक्टर की नियुक्ति और अन्य समस्याएं बताईं।
उपायुक्त जी, शराब का ठेका हटवाओ
काला आम्ब में कब्रिस्तान न होने की शिकायत दी। लोगों ने कहा कि शराब का ठेका होने से नशा फैल रहा है। उपायुक्त जी, कुछ करो। इसके अलावा बस स्टॉप पंजीकृत कराने, सफाई कर्मचारी उपलब्ध करवाने, अमरो देवी ने सरकारी योजना के तहत मकान उपलब्ध करवाने व चरणो देवी ने आवास योजना के तहत अभी तक दूसरी किस्त न मिलने की शिकायत रखी। वहीं राजेश कुमार ने बिजली का बिल ज्यादा आने का दुखड़ा रोया। सुरेंद्र पाल ने फैमिली आईडी में इनकम ठीक करवाने की शिकायत रखी। इस मौके पर एसडीएम नारायणगढ़ सी जया शारदा ने उपायुक्त का स्वागत किया।