पत्नी व बहन को लेकर खुड्डा की ओर जा रहे बाइक पर सवार पेट्रोल पंप कर्मी से तीन युवक पर्स छीनकर फरार हो गए। महेश नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप कर्मी जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव छौड़पुर जिला कुरुक्षेत्र का निवासी है। वह अपनी पत्नी चेतना देवी व बहन रवीना देवी को लेकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव की ओर खुड्डा रोड से जा रहा था। वह खुड्डा गांव से आगे मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से बाइक सवार तीन युवक आए। युवकों ने उसका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार उसके पर्स में आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड व सात हजार रुपये की नकदी थी।