बुधवार को कैंट के साथ लगते गांव मछौंडा स्थित एसएस लिटिल एंजिल स्कूल में उस वक्त दहशत फैल गई, जब स्कूल में एक अजगर दिखा। करीब आठ फुट लंबे इस अजगर को देखकर सभी सहम गए और स्कूल का गेट भी बंद कर दिया गया। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची, जबकि गांव केसरी से आए एक व्यक्ति ने इस अजगर को काबू किया, जिसके बाद स्कूल संचालकों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि जिस जगह यह अजगर मिला, वहां से यह कक्षाओं की ओर नहीं गया।
बुधवार सुबह स्कूल के स्टाफ सदस्यों ने देखा कि एक अजगर स्कूल की ग्रिल में फंसा हुआ है। यह देख सभी सहम गए, क्योंकि स्कूल में बच्चों का आना भी शुरू हो गया था। स्कूल में अजगर मिलने की सूचना पूरे गांव में फैल गई, जिसके चलते ग्रामीण भी स्कूल के आसपास एकत्रित हो गए। इसी दौरान स्टाफ ने वन अधिकारियों को भी इसके बारे में सूचित किया। उधर, स्कूल में ही फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई, जबकि स्टाफ वन विभाग की टीम का इंतजार करने लगा। इसी दौरान गांव केसरी के एक व्यक्ति को बुलाया गया। केसरी के बाबा जगतार नाथ व रघुबीर ने इस अजगर को काबू किया।
करीब दो घंटे तक स्कूल में दहशत का माहौल बना रहा। बताया जाता है कि स्कूल के पास ही एक डिग्गी है, हो सकता है कि यह अजगर इसी डिग्गी से स्कूल में पहुंच गया। इस अजगर को मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के हवाले कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस अजगर को जंगलों में छोड़ा जाएगा। स्कूल प्रिंसिपल ममता शर्मा ने कहा कि अजगर मिलने के बाद स्कूल में दहशत तो रही, जबकि संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर दिया था। अजगर इन अधिकारियों के हवाले कर दिया है, जबकि आगामी कार्रवाई उक्त विभाग के अधिकारी करेंगे।