अंबाला। यूएसए से लौटी महिला के साथ स्वराज एक्सप्रेस में पर्स स्नैचिंग हो गई। पर्स में दो पासपोर्ट सहित यूएसए डॉलर, थाइलैंड की करंसी सहित भारतीय करंसी थी। स्नैचिंग छावनी रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी प्रभारी विलायती राम की अगुवाई में टीम ने तुरंत कई ठिकानों पर दबिश दी और कालका रेल यार्ड में बैठे आरोपी को धर-दबौचा। आरोपी की पहचान इलाहबाद निवासी 21 वर्षीय रमजान के तौर पर हुई है।
कुरुक्षेत्र लाडवा निवासी पारूल देसवाल ने बताया कि वह अपनी माता मलकीत कौर के साथ ट्रेन नंबर 12471 में नई दिल्ली से जालंधर जा रहे थी। उनकी सीट कोच नंबर एस-9 में 1 व 4 थी। ट्रेन लगभग 8 बजे छावनी रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद जब धीरे-धीरे चल रही थी तो उसी समय एक युवक सीट नंबर एक पर आया और हाथ में पकड़े लेडीज पर्स को झपट कर चलती ट्रेन से उतर गया। शोर मचाने पर तुरंत ट्रेन को रोका गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ एसआई दीपक दहिया और हेडकांस्टेबल मनमीत मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्नैचर की तलाश शुरू की। लेकिन वह नही मिला। इसके बाद मामले की जानकारी जीआरपी प्रभारी विलायती राम को दी गई।
आरोपी की धरपकड़ के लिए लगाई चार टीमें
जीआरपी प्रभारी विलायती राम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मामला दर्ज करवाया और आरोपी की धरपकड़ के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया। सभी टीमों को रेलवे यार्ड, रेलवे स्टेशन, परिसर और ट्रैक किनारे सर्च ऑप्रेशन में लगाया गया। जीआरपी प्रभारी की मेहनत रंग लाई और आरोपी को कालका रेल यार्ड से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पर्स बरामद कर लिया गया।
पर्स में थे एक लाख 40 हजार रुपये और पासपोर्ट
यूएसए से लौटी महिला के पास 1721 यूएस डॉलर, 6160 की थाईलैंड करंसी और 1030 भारतीय करंसी थी। पूरी राशि लगभग एक लाख 40 हजार 342 रुपये आंकी गई। पर्स में मोबाइल फोन, दो चंडीगढ़ पासपोर्ट कार्यालय से बने पासपोर्ट सहित अन्य सामान था जो स्नैचर से बरामद हो गया है।
शातिर अपराधी है रमजान
रमजान वर्ष 2019 में भी एक चोरी के मामले में सजा काट चुका है। वह पिछले कुछ समय से दोबारा स्टेशन पर सक्रिय होने की कोशिश कर रहा था
टीम ने किया उत्कृष्ट कार्य
टीम ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए आरोपी को पकड़ने का सराहनीय कार्य किया है। आरोपी की पहचान पीड़ित महिला द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा ताकि अन्य चोरी की घटनाओं बारे पूछताछ की जा सके।
विलायती राम, जीआरपी प्रभारी छावनी।