शनिवार को दिन भर शहर के गांव घसीटपुर, बरनाला, कालूमाजरा, मुजफरपुर, नन्यौला व चौड़मस्तपुर आदि छह अलग अलग स्थानों पर लगी आग को बुझाने और आगे बढ़ने से रोकने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग लगने की एक घटना में गांव घसीटपुर में किसान नछतर सिंह के तीन एकड़ में पड़े गेहूं के फानों में अचानक आग लग गई।
जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचते ज्यादातर फाने पूरी तरह से जल चुके थे, दमकल कर्मियों ने आग आगे नहीं फैले उसके लिये कड़ी मशक्कत की।
इसी तरह गरनाला बरनाला में एयरफोर्स के जंगलों में अचानक आग लग जाने के सूचना मिलने में मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव कालू माजरा में किसान सतपाल सिंह के तीन एकड़ खेतों में पड़े गेहूं के फानों ने आग पकड़ ली और वे धू-धू करके जलने लगे। यहां तूड़े के कूपे और गुहारे भी जलकर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। इसी प्रकार गांव मुजफपुर में तूड़ी के कूपों में अचानक लगी आग को दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया।
गांव नन्यौला में भी एक किसान के गेहूं के तूड़े के कूपों में आग लग जाने से दिक्कत हुई लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। एक अन्य घटना में गांव चौड़मस्तपुर में जोनी नामक किसान के दो एकड़ खेतों में पड़े गेहूं के फाने आग में जलकर स्वाहा हो गये। यहां भी स्थिति को दमकल कर्मियों ने ही काबू किया।
दमकल अधिकारी पंकज पाराशर ने उक्त तथ्यों की पुष्टि करते हुये बताया कि बढ़ती गर्मी में खेतों में आग की घटनाएं बढ़ने के दृष्टिगत विभाग हर प्रकार से चौकसी बरत रहा हैं।