अंबाला सिटी। साइबर धोखाधड़ी के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जोधपुर निवासी हर्षवर्धन सिंह व रूप सिंह और फलौदी निवासी अशोक व संजय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों का तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से धनराशि रिकवर कराने और ठगी के जाल को लेकर पूछताछ की जाएगी। इस मामले के संबंध में डिफेंस एन्क्लेव निवासी हेमंत कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी।
उन्होंने शिकायत में बताया था कि 14 दिसंबर से 31 दिसंबर 2024 के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन बैंक चार्जिंग कटवाने के मामले में उसे झांसा देकर अपनी बातों में फंसाया और उससे 24 लाख 60 हजार रुपये ठग लिए। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त एक अन्य मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीकर निवासी राकेश कुमार व झुंझनु निवासी सुमित कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद