अंबाला। छावनी के खटीक मंडी चौक सहित चार जगह चली गोलियों व पुलिस की जवाबी फायरिंग मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। डीएसपी रामकुमार ने एसआईटी को जांच सौंपी है। वहीं, फायरिंग मामले में अब तक कुल पांच आरोपी काबू किए जा चुके हैं। तीन को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। डीएसपी रामकुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले से जुड़े एक आरोपी से पिस्टल बरामद की है।
बता दें कि खटीक मंडी चौक पर आरोपी सचिन, बंधन, राहुल, अमन, विकास उर्फ काली व अमन बोंड ने अमन सोनकर व उसके साथियों को जाने से मारने की नीयत से हवाई फायर किए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विकास कुमार निवासी तेली मंडी छावनी, अमन उर्फ गड्डी निवासी खटीक मंडी छावनी व मुकुल निवासी तेली मंडी को गिरफ्तार किया था।
27 अगस्त की रात को छावनी के खटीक मंडी, हाऊसिंग बोर्ड सहित चार जगह पर गोलियां चली थी। दो गुटों में झड़प के बाद यह गोलियां चली थी। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों का पीछा कर रही थी। उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया था। जवाबी फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने पर जख्मी हो गए थे। इस मामले में एक आरोपी राजकुमार को मंगलवार को छावनी नागरिक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान जैसे ही राजकुमार को ले जा रहे थे परिजनों ने हंगामा किया। वह राजकुमार को ले जाने से रोकते रहे, लेकिन पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए राजकुुमार को अपनी हिरासत में ले लिया। बता दें कि राजकुमार सहित चार आरोपियों पर पुलिस पर गोली चलाने का मामला दर्ज है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले जेल भेजा जा चुका है।