संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अंबाला म्यूजिकल क्लब की ओर से फारुका खालसा हाई स्कूल के सहयोग से शनिवार गीत संगीत एवं नृत्य से सजे संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायकों ने देशभक्ति, प्रेम के गीतों और गजलें सुनाकर समां बांध दिया।
कार्यक्रम की शुरूआत क्लब के चेयरमैन डॉ. नवीन गुलाटी, सेक्रेटरी दीपिका मल्होत्रा, फारुका खालसा हाई स्कूल से केपी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर के की। कार्यक्रम में अंबाला म्यूजिकल क्लब के बेहतरीन गायक मनीष मल्होत्रा, लकी, पर्मजीत, नीति, कमल, विवेक, शिव आनंद, संजीव भूटानी, राधिका ग्रोवर द्वारा देशभक्ति, ग़जल, प्रेम गीत एवं भारतीय संगीत जगत के जगमगाते अमर सितारे लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, जगजीत सिंह, किशोर दा के गीत गुनगुनाए गए और शाम को सुरमई बनाया गया।
क्लब के गायक अपनी मनमोहनी मधुर आवाज की छटा बिखेरी वहीं क्लब के नन्हे मुन्ने बच्चे अपनी नृत्य कला से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। इस कार्यक्रम को आयोजित करने का उद्देश्य कला प्रेमियों को आज कल की भाग दौड़ भरी जिंदगी में राहत एवं सुकून के कुछ पल प्रदान करना था। क्लब के वित्त सचिव संजीव भूटानी ने बताया कि अंबाला म्यूजिकल क्लब की 2011 में शुरुआत की गई।
अंबाला म्यूजिकल क्लब पिछले 11 वर्षों से संगीत एवं नृत्य की विरासत को अंबाला के निवासियों के दिलों में जिंदा रखे हुए कई कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। क्लब की सेक्रेटरी दीपिका मल्होत्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम मे फरुका खालसा हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने भांगड़ा एवं हरियाणवी डांस से देखने वालों के मन को जीत लिया। द एसडी स्कूल के विद्यार्थियों की कृष्ण लीला का प्रदर्शन मनमोहक रहा।