अंबाला। छावनी के रेसकोर्स स्थित श्री राधा कृष्ण प्राचीन मंदिर में शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। यह त्योहार एमईएस कमेटी रेस कोर्स की ओर से मनाया जा रहा है। ये जानकारी श्री राधा कृष्ण प्राचीन मंदिर के पंडित सतीश थपलियाल ने दी।
उन्होंने बताया कि हर साल की भांति इस साल भी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस वाले दिन श्री कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। शुक्रवार को मंदिर और आसपास लाइट भव्य लाइट लगाई जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि आठ बजे शुरू किया जाएगा। वहीं मंदिर परिसर में कलाकारों की ओर से श्रीकृष्ण की रासलीलाएं दिखाई जाएंगी। इसके अलावा मंदिर परिसर में बाबा बर्फानी की अमरनाथ गुफा बनाई जाएगी। जहां श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही श्री कृष्ण जन्म को लेकर भी झांकियां बनाई गई है जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं मंदिर में भगवान शिव और खाटू श्याम बाबा का भव्य शृंगार किया जाएगा। इस दौरान मंदिर में भजन कीर्तन का आयोजन किया जाएगा जो रात 12 बजे तक होगा। रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण की पूजा की जाएगी। रात साढे़ बारह बजे के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।