सिटी कोर्ट परिसर में छत पर लगी गोली के निशान को देखती हुई पुलिस
अंबाला। सिटी के कोर्ट परिसर में तैनात एसपीओ विक्रम की सर्विस गन से अचानक गोली चल गई। गनीमत रही कि गोली सीधा लेंटर में लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गोली चलने से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अन्य पुलिस मुलाजिम मौके पर पहुंचे।
डीएसपी हेडक्वार्टर रमेश ने बताया कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में एसपीओ विक्रम को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा मामले की जांच की जा रही है और विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है। जांच में सामने आया है कि एसपी लाइन में असलह की सफाई करवाने के लिए आया था और ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान जैसे ही एसपीओ ने अपनी गन को दोबारा चैक किया तो फायर हो गया। मौके से खोल भी बरामद कर लिया गया है।
हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हादसे के समय एसपीओ कोर्ट परिसर में मुख्य गेट के पास ही ड्यूटी पर तैनात था। राहत यह भी थी कि शनिवार का दिन होने के कारण कोर्ट में छुट्टी थी और ज्यादा लोगों की आवाजाही नहीं हो रही थी। अगर गोली इधर-उधर चलती तो जानलेवा हादसा हो सकता था। मौके पर सीआईए की टीम सहित एएसपी दीपक ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी।
सिटी कोर्ट परिसर में छत पर लगी गोली के निशान को देखती हुई पुलिस