जलभराव के बीच खड़े दुकानदार रोष जताते हुए। संवाद
बराड़ा। कस्बा के व्यस्त महाराणा प्रताप चौक से लेकर बस स्टैंड तक दो माह से बारिश के गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाई है। इसके चलते दर्जनों दुकानदारों सहित मोटर मार्केट का काम बिल्कुल ठप है। वीरवार को दुकानदारों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने गंदे पानी के बीच में खड़े होकर प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद दुकानदार स्थानीय लघु सचिवालय पहुंचे और एसडीएम विजेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंप कर व्यथा सुनाई। अनुराग अग्रवाल, बलविंदर सिंह, संजय, राजेश, प्रवेश, प्रमोद, रजत ,शमशेर सिंह, विनोद, काला सिंह ,सज्जन सिंह, निखिल आदि दुकानदारों ने बताया कि बारिश रुकने के बावजूद इस क्षेत्र से पानी की निकासी नहीं हो रही। इसके अतिरिक्त पहाड़ों पर बारिश के चलते पीछे से पानी और आने के कारण जल स्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है।
दुकानदारों का काम ठप पड़ा है। गंदा पानी दुकानों में घुसने से उनको भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दिल्ली- हिमाचल राज मार्ग पर स्थित इस क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके अतिरिक्त कस्बा वासी, संलग्न गांवों के हजारों लोग इस मार्ग का आवागमन के लिए प्रयोग करते हैं। निरंतर कई दिन तक गंदे पानी और सड़क टूटने के कारण प्रतिदिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं।