बराड़ा। बराड़ा में साढोरा की तरफ से आया पानी अभी तक लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। यह पानी बंसल पैलेस के नजदीक, बराड़ा गांव और राधा स्वामी सत्संग घर के पास से बराड़ा में रिहायशी क्षेत्रों में घुस रहा है। यहां के महाराणा प्रताप चौक से होता हुआ मुख्य बाजार की ओर सडक़ के दोनों ओर पानी जमा रहा है। हाल यह है कि दुकानदारों का कामकाज ठप पड़ा है। उनकी दुकानों के आगे कई फुट पानी जमा है, जिससे वह किसी तरह जुगाड़ करके अपनी दुकान में जा रहे हैं लेकिन कोई ग्राहक दुकान में नहीं आ पा रहे। कुछ दुकानदारों द्वारा दुकान के दरवाजे पर मिट्टी के कट्टे भरकर लगाए गए हैं, ताकि यह पानी दुकान के भीतर ना जा सके। इसके अलावा पूर्व मंत्री रिसाल सिंह के आवास की ओर जाने वाली गली और उससे अगली खेड़ा मंदिर वाली गली पर मुख्य सडक़ की तरफ कॉलोनीवासियों द्वारा मिट्टी के कट्टे लगाकर बांध बनाया गया है ताकि कॉलोनी में पानी ना घुस सके। पानी के बीच से होकर लोग अपने घरों में जा रहे हैं। वहीं, नगरपालिका कार्यालय में बुधवार को भी पानी नहीं निकल सका। इससे कामकाज भी प्रभावित रहा। लोग अपने काम को लेकर नगरपालिका कार्यालय में नहीं आ पा रहे हैं।
नाले की सफाई करवाई और अवैध थड़ों को तुड़वाया
कई दिनों से जलभराव के अब नगरपालिका प्रशासन भी हरकत में आ गया है। मंगलवार को जहां नगरपालिका सचिव राजेश कुमार अपनी टीम के साथ निकासी के प्रबंधों में डटे रहे, वहीं बुधवार को को भी टीम कार्य करती रही। सचिव राजेश कुमार ने बताया कि उनके पास शिकायतें आ रहीं थी कि कुछ दुकानदारों ने नाले पर अवैध थड़े बना लिए हैं, जिसके कारण पानी निकासी नहीं हो पा रही। इसलिए क्वालिटी चौक, महाराणा प्रताप चौक समेत कई स्थानों पर नाले पर अवैध थड़ों को तोडक़र पानी चालू किया गया। दो दिनों में कई जगह से जेबीसी द्वारा पानी के लिए रास्ता बनाया गया है, जिस कारण पानी कुछ कम हुआ है। आगे भी प्रबंध जारी रहेंगे।