अंबाला। हिसार रोड स्थित दुर्गा नगर में वीरवार रात को एक युवक ने दुकानदार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमलावर ने दुकान के शीशे तोड़ने के साथ-साथ बाहर खड़ी एक एक्टिवा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने घायल दुकानदार दीपक कोहली की तहरीर पर युवक लाडी पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दुकान नंबर 7 के संचालक दीपक कोहली ने आरोप लगाया कि 29 जनवरी की शाम करीब 7:15 बजे वह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। लाडी नाम का एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर आया। आते ही उसने दुकान के मुख्य दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। रॉड से टांगों व शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। आरोपी ने दुकान के बाहर खड़ी प्रिंस नाम के युवक की एक्टिवा भी तोड़ दी। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। संवाद