अंबाला सिटी। सेक्टर-10 हाउसिंग बोड कॉलोनी की पुरानी मार्केट में चोरों ने एक कन्फेक्शनरी दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर ताला तोड़े बिना शटर उठाकर अंदर घुसे और 68 हजार की नकदी सहित सामान समेटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक अमन कुमार निवासी सेक्टर-10 ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह अपनी सैनी कन्फेक्शनरी दुकान पर पहुंचे, तो शटर आधा उठा हुआ था, जबकि ताला लगा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गल्ले से दूध बिक्री के रखे लगभग 68 हजार रुपये गायब थे। इसके अलावा चोर भारी मात्रा में देसी घी, पनीर, मक्खन, बीड़ी-सिगरेट, रेडबुल, कोक व लिमका के केन चुरा ले गए। पीड़ित की सूचना पर 112 डायल पुलिस और सेक्टर-9 थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अमन कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी रोशन के नेतृत्व में पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। संवाद