अंबाला छावनी की लालकुर्ती चौकी के प्रभारी को लेनदेन के आरोपों के चलते सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जाता है कि दो युवकों ने इस संबंध में चौकी प्रभारी की शिकायत दी थी। पुलिस ने प्रभारी के खिलाफ फिलहाल विभागीय जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले लालकुर्ती चौकी पुलिस ने एक गाड़ी की चेकिंग की थी और इस गाड़ी को कथित तौर पर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
इस दौरान गाड़ी छोड़ने के लिए पुलिस और दूसरे पक्ष के बीच काफी बातचीत हुई, लेकिन पुलिस नहीं मानी। आरोप है कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान ही गाड़ी में रखे करीब ढाई लाख रुपये उठा लिए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब उनसे यह रुपये मांगे, तो पुलिस आनाकानी करने लगी और कोई भी कैश मिलने से इनकार कर दिया।
शिकायतकर्ताआें का दावा है कि इसके बाद पुलिस चौकी प्रभारी ने इस मामले में और रुपयों की डिमांड शुरू कर दी थी। इसी से परेशान होकर इन शिकायतकर्ताओं ने चौकी प्रभारी की शिकायत थाना पड़ाव के एसएचओ को दे दी। इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसएचओ ने चौकी प्रभारी को जांच के लिए बुलाया।
इस मामले की जानकारी एसएचओ ने अपने उच्चाधिकारियों को दे दी। उच्चाधिकारियों ने भी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को जहां सस्पेंड कर दिया, वहीं दो अन्य कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस ने फिलहाल इन तीनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
इस बारे में पुलिस आयुक्त राजबीर देसवाल ने कहा कि शिकायत के आधार पर चौकी प्रभारी को सस्पेंड किया गया है, जबकि दो अन्य को लाइन हाजिर कर दिया है।