शास्री कालोनी के सामने 13.52 करोड़ के अंडर पास को मंजूरी
कृपा पुल आउट एक पर रखें...
छावनी की दर्जन से ज्यादा कालोनियों को होगा सीधे तौर पर लाभ
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। कोरोना के कारण छावनी में रुके विकास कार्यों को एक बार फिर से गति मिलनी शुरू हो गई है। गृहमंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला छावनी के शास्त्री कालोनी के सामने लालबत्ती चौक के नजदीक जीटी रोड पर 13.52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले व्हीकल अंडर पास के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
अनिल विज ने बताया कि 17 जून को अंडर पास का टेंडर खुलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले मे सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके निर्माण कार्य को शीघ्र-अतिशीघ्र आरंभ कर दिया जाए ताकि छावनी की जनता को इसका लाभ मिल सके। मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंडर पास बनने से छावनी से कटे दर्जनों कॉलोनियों के निवासियों को सुविधा होगी तथा जीटी रोड पर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण किया जा सकेगा। विज ने बताया जीटी रोड पर ट्रैफिक बहुत अधिक होने के कारण यहां पर बहुत अधिक दुर्घटनाएं होती थीं। जिसको रोकने के लिए ट्रैफिक लाइटें भी लगवाई गई। लेकिन रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों के आवागमन से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसलिए उन्होंने नेशनल हाइवे पर व्हीकल अंडर पास बनाने के लिए सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर अनुरोध किया। इसे उन्होंने बनाने की अनुमति दे दी।
---------------
इन्हें होगा सीधे तौर पर फायदा:-
अंडर पास बनने से रेलवे कॉलोनी, दूधला मंडी, गुलाब मंडी, हिम्मतपुरा, पीएनटी कॉलोनी, सुंदर नगर, चन्द्रपुरी सहित अन्य दर्जनों कॉलोनियों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।