अंबाला। होली का जश्न मनाकर घर लौट रहे युवकों की रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर बहस हो गई जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। इस मारपीट में एक पक्ष के चार युवक घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से दो घायल हुए हैं। घायलों ने छावनी नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इलाका पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मारपीट में घायल एक पक्ष से श्रीकांत ने बताया कि अंकित बड़े कोट कछुआ में गया था और रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर बहस हो गई। फोन आने पर वह दो अन्य दोस्त राहुल व कातिया के साथ मौके पर गया तो अचानक दर्जनभर युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। गर्दन पर हथियार लगने पर वह लहूलुहान हो गए। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष से भी दो युवक घायल हो गए। पड़ाव थाना पुलिस ने दोनों पक्ष को जांच के लिए थाने में बुलाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।