शहजादपुर। जिला को नए साल पर नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण कस्बों को नए साल का तोहफा देते हुए उन्हें नगर पालिका का दर्जा देने की घोषणा की है। जिसमें अंबाला का शहजादपुर भी शामिल है। शहजादपुर काे नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद अंबाला में तीन नगर पालिकाएं हो जाएंगी। शहजादपुर के नगर पालिका बनने से इलाके के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, हालांकि ग्रामीणों के बीच इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
सरकार की घोषणा के अनुसार नवगठित नगर पालिका शहजादपुर के दायरे में मुख्य कस्बे के अलावा आसपास की पांच ग्राम पंचायतों को जोड़ा गया है, इनमें शहजादपुर, पपोली, ऋषि नगर, भूड़ माजरी, माजरा शामिल की गई है। इन क्षेत्रों के शामिल होने से शहजादपुर की आबादी और क्षेत्रफल में बड़ा विस्तार होगा। नगर पालिका बनने के बाद अब यहां सीधे तौर पर शहरी निकाय विभाग से बजट मिल सकेगा, जिससे पक्की सड़कें, आधुनिक स्ट्रीट लाइटें, सीवरेज सिस्टम और सामुदायिक पार्कों का निर्माण सुगम होगा।
फैसले का किया स्वागत, बाेले- बुनियादी ढांचा सुधरेगा
इस घोषणा के बाद शहजादपुर में व्यापारिक वर्ग और युवाओं ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका मानना है कि नगर पालिका बनने से बुनियादी ढांचा सुधरेगा और जमीनों के दाम बढ़ेंगे। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि शहरी क्षेत्र में आने के बाद उन पर प्रॉपर्टी टैक्स और अन्य शहरी करों का बोझ बढ़ जाएगा, साथ ही, मनरेगा जैसी ग्रामीण योजनाओं का लाभ भी बंद होने की आशंका है। स्थानीय निवासी विक्रम राणा ने बताया कि नगर पालिका में ग्राम पंचायत जो जोड़ी गई हैं उनकी अपनी कोई आय नहीं थी, जिससे गांवों में पूरे तरीके विकास नहीं हो सकता था। नगर पालिका बनने से क्षेत्र का पूर्ण विकास होगा। कारोबारी संजीव कुमार ने बताया कि नगर पालिका बनने के बाद शहरी निकाय का बजट हमें मिल सकेगा। जिसे शहर की सड़कें, पार्क, लाइटें व अन्य सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय निवासी रामपाल ने बताया कि शहरी क्षेत्र में आने के बाद शहजादपुर के लोगों को संपत्ति कर को लेकर चिंता देखने को मिल सकती है। मगर सरकार इस मामले में अगर ध्यान दे तो राहत भी मिलेगी, क्योंकि अभी शहजादपुर आर्थिक रूप से अधिक समृद्ध नहीं है।
- नगर पालिका बनने से इस क्षेत्र का पूरा विकास होगा। यहां बुनियादी सुविधाओं के लिए खाका तैयार किया जाएगा, इसके साथ शहर की अपनी सरकार होगी।
-शबनम, बीडीपीओ, शहजादपुर