अंबाला। छावनी के सेक्टर-34 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की अनदेखी का खामियाजा स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। सेक्टर-34 में बीते 15 दिनों से सीवरेज ब्लॉक पड़ा है। सीवर का बदबूदार पानी सड़क पर बह रहा है और अब सीधे लोगों के घरों के मुख्य द्वार तक पहुंच चुका है।
अधिकारियों को शिकायत सौंपने के बावजूद प्रशासन की ओर से इस समस्या का समाधान नहीं किया गया। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एसडीओ जितेंद्र ने कहा है कि समस्या का समाधान निकाला जाएगा। सीवरेज का बदबूदार पानी घरों के भीतर न घुसे, इसके लिए लोगों को खुद ही अस्थाई इंतजाम करने पड़ रहे हैं। लोगों ने अपने घरों के मुख्य दरवाजों और सीवर के ढक्कनों के आसपास लकड़ी के फट्टे और ईंटें रखकर पानी के रिसाव को रोकने की कोशिश की है। इसके बावजूद बदबूदार पानी की घरों के आंगन तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीमारियों का बढ़ा खतरा
सड़कों पर जलभराव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। बदबू के चलते लोग अपने घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने को मजबूर हैं।
-
लोग बोेले-
कृष्णा ने बताया कि सीवरेज के पानी की निकासी को लेकर उन्होंने मंत्री अनिल विज को शिकायत सौंपी थी। मंत्री की ओर से इस बारे में अधिकारियों को फोन भी किया गया। लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों की ओर से अभी तक सफाई नहीं करवाई गई।
वीर सिंह ने बताया कि उनके घर के आगे कई दिनों से सीवरेज का पानी जमा हो रहा हैं इससे बचने के लिए उन्होंने सीवरेज के ढक्कन के ऊपर लकड़ी का फ्टटा और ईंट रखी हुई है जिससे वह सीवरेज से ओवरफ्लो हो रहे पानी को रोक सकें।
बच्चन सिंह और नन्हे राम ने बताया कि करीब पिछले कई दिनों से उनके घरों के आगे सड़क पर दूर तक पानी जमा रहता है जिससे कीचड़ रहती है कई बार बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है।