अनलॉक-वन के दूसरे दिन जिले में कोरोना संक्रमित और कैंसर पीड़ित बुजुर्ग के परिवार के छह सदस्यों सहित 7 लोगों में कोरोना मिला है। एक कोरोना संक्रमित 42 वर्षीय महिला अंबाला शहर छोटी सब्जी मंडी की रहने वाली है। जोकि गत दिवस ही दिल्ली से लौटी थी। बड़ी बात यह है कि यह महिला घर पर ही रोजाना करीब 16 बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती आ रही है। वहीं एक परिवार के जिन छह सदस्यों को कोरोना मिला है वह अंबाला छावनी की आहलुवालिया बिल्डिंग में रहते हैं। दो दिन पहले ही इस परिवार में से एक बुजुर्ग महिला जोकि कैंसर से पीड़ित है वो भी संक्रमित पाई गई थी। तभी से उनके परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया था।
मंगलवार को आई रिपोर्ट में अब संक्रमित बुजुर्ग महिला की 92 वर्षीय सास, 68 वर्षीय पति, 42 वर्षीय बेटा, 6 वर्षीय का पोता, भतीजी 30 और देवरानी 55 भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के पास सभी की सैंपल रिपोर्ट आते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी संक्रमित महिलाओं को एंबुलेंस के जरिये मुलाना एमएम कोविड-19 अस्पताल में पहुंचाया गया जबकि संबंधित इलाकों में सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया।
दोबारा दिल्ली जाने के लिए करवाने आई थी टेस्ट: आहलुवालिया बिल्डिंग में जिस परिवार से छह लोग संक्रमित पाए गए हैं, उस परिवार में बुजुर्ग महिला कैंसर पीड़ित है और शनिवार को उसे कोरोना संक्रमित घोषित किया गया था। वह दिल्ली से आने के बाद दो दिन पहले ही कोरोना संक्रमित पाई गई थी। महिला का संयुक्त परिवार है और घर में कुल 10 सदस्य हैं। उनमें से मंगलवार छह लोग संक्रमित पाए गए। महिला दो साल से वह दिल्ली के एक अस्पताल में कीमो करवा रही थी। बाकायदा बेटे के संग गाड़ी में जाने के लिए पास भी बनाया हुआ था। अब बुजुर्ग महिला सहित परिवार के 7 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
पहली से छठी कक्षा के बच्चों को पढ़ा रही थी ट्यूशन : कोरोना पॉजिटिव पाई गई 42 वर्षीय महिला जोकि अंबाला शहर की छोटी सब्जी मंडी की रहने वाली हैं वह 29 मई को दिल्ली से आई थी। दिल्ली में उनकी मां का निधन हो गया था। अस्थि विसर्जन के बाद अंबाला लौटी थी। दिल्ली से आने के बाद महिला ने सभी 16 बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाई। 31 मई को महिला को कोरोना के लक्षण लगे और खुद चेकअप करवाने अस्पताल पहुंची। इन्हीं सैंपल की रिपोर्ट में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
कपड़े की बलदेव नगर में दुकान : छोटी सब्जी मंडी निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला के पति की बलदेव नगर में कपड़े की दुकान है। अलबत्ता अब स्वास्थ्य विभाग को खूब मशक्कत करनी होगी और पति की दुकान पर जो-जो आजकल में कपड़ा लेकर गए हैं उनकी पता निकालने के बाद उनके सैंपल लेने होंगे।
रिश्तेदार की दुकान भी सब्जी मंडी में : शहर निवासी कोरोना संक्रमित महिला के पति के रिश्तेदार की छोटी सब्जी मंडी में दुकान भी है। इस दुकान पर भी महिला के पति का काफी उठना बैठना है। ऐसे में अब यहां आने वाले लोगों को ट्रेस करना भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती से कम नहीं होगा।