कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो माह के बाद शनिवार को कोरोना के एक साथ 7 नए मामले सामने आए। इन मामलों में पांच मरीज एक ही परिवार के हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस परिवार में से एक व्यक्ति कोची से लौटा था। देखते ही देखते ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। पहले तो उन्होंने खुद ही बाजार से किट खरीदकर अपने पूरे परिवार के टेस्ट किए तो लक्षण पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के टेस्ट में भी संक्रमित पाए जाने के कारण उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया। इस परिवार में 6 साल का बच्चा भी शामिल है। इसके अलावा नारायणगढ़ से 17 वर्षीय युवती और शहजादपुर से 29 वर्षीय युवती संक्रमित पाई गई। राहत की बात यह रही कि पांच मरीज कोरोना को मात देकर डिस्चार्ज हुए। अब जिलाभर में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 10 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना के मरीजों का रिकवरी रेट 98.65 फीसदी है। जिले में अब तक प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 780891 सैंपल लिए गए है।