अंबाला। अंबाला रिंग रोड और अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य हर हाल में दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाए ताकि जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
अपने आवास पर एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कैबिनेट मंत्री ने परियोजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की। उन्होंने कहा कि रिंग रोड बनने से बाहरी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, इससे शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। विज ने कहा, विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता के साथ-साथ समय सीमा का ध्यान रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
सपेहड़ा और बाड़ा की समस्याओं पर मंथन
बैठक के दौरान मंत्री विज ने शाहपुर और बाड़ा गांव में जल निकासी (वॉटर ड्रेनेज) की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिंग रोड के निर्माण के कारण गांवों में पानी का भराव नहीं होना चाहिए, इसके साथ ही सपेहड़ा गांव के ग्रामीणों के लिए रिंग रोड तक पहुंचने का सुगम रास्ता उपलब्ध कराने के मामले पर भी विस्तृत चर्चा हुई। परियोजना निदेशक पीके सिन्हा ने आश्वस्त किया कि इन तकनीकी बाधाओं को दूर कर समय सीमा के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा।
परियोजनाओं का लेखा-जोखा
अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे : 121 किलोमीटर लंबा यह मार्ग अंबाला को यूपी के शामली से जोड़ेगा, आगे चलकर इसे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट किया जाएगा।
अंबाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे : चंडीगढ़ और मोहाली की राह आसान करने वाली इस परियोजना पर भी काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे ओवरब्रिज (जीटी रोड) : 30 करोड़ की लागत से नई सर्विस लेन का निर्माण जून 2026 तक पूरा होगा। मंत्री ने रेलवे कॉलोनी के पास अंडरपास को मानकों के अनुरूप बनाने को कहा है।
स्टेशन पर बनेगा सब-वे
मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए सब-वे निर्माण पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि इसकी विस्तृत योजना तैयार है और जल्द ही धरातल पर काम शुरू होगा, इसके अतिरिक्त शहीद स्मारक और विज्ञान केंद्र में आने वाले पर्यटकों के लिए एस्केलेटर और ओवरब्रिज की योजना बनाने और सौंदर्यीकरण के तहत रेलवे स्टेशन से मोहड़ा तक जीटी रोड पर फैंसी लाइटें लगाने, मच्छौंडा फ्लाईओवर के लिए जमीन संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए संयुक्त साइट निरीक्षण के आदेश दिए।