अंबाला। जिले की सड़कों पर बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे छोड़कर दहशत फैलाने वालों की अब खैर नहीं है। ऐसा करने वाले युवाओं पर अंबाला पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने फरवरी माह में ही इस तरह की 12 बुलेट बाइकों को जब्त किया है। बुलेट की तेज आवाज में पटाखे बजने पर राहगीरों, विशेषकर दिल के मरीजों, बुजुर्गों व बच्चों में दहशत पैदा हो जाती है।
अंबाला पुलिस ने जनता से भी इस मुहिम में सहयोग मांगा है। पुलिस ने एक विशेष मोबाइल नंबर 9729990112 जारी किया है। यदि आपके मोहल्ले या क्षेत्र में कोई बुलेट से हुड़दंग मचाता है तो उसकी वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेज सकते हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
बलदेव नगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह व सेक्टर-9 थाना प्रबंधक निरीक्षक सुनीता ढाका ने चेतावनी दी है कि सड़कों पर स्टंटबाजी व ध्वनि प्रदूषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बुलेट में अवैध साइलेंसर लगाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। पुलिस न केवल भारी भरकम चालान काट रही है बल्कि वाहनों को भी सीधे जब्त किया जा रहा है। संवाद
-