संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। जिले के कॉलेजों में शनिवार को दूसरी वरीयता सूची चस्पा कर दी गई। इस दौरान सूची में नाम आने पर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए। उन्होंने दाखिले की प्रक्रिया पूरी की और फीस जमा कराई। इस सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आया है वह 23 अगस्त तक फीस जमा करवाकर अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। 26 अगस्त से ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।
जानकारी के अनुसार इस समय तक सबसे अधिक सीटें राजकीय कॉलेज अंबाला छावनी में भरी जा चुकी है। वहीं दूसरे चरण की प्रक्रिया में करीब 70 प्रतिशत तक सीट भरी गई है। इसके अलावा अन्य राजकीय कॉलेजों में भी दाखिलों में तेजी आई है। दूसरी ओर प्राइवेट कॉलेज ओपन काउंसलिंग का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें की खाली सीटों को भरा जा सके। क्योंकि मुख्य रूप से सरकारी कॉलेजों की सीट भरने के बाद ही विद्यार्थी प्राइवेट कॉलेज की ओर रूख करते हैं।
26 अगस्त से ओपन काउंसलिंग के साथ पोर्टल भी खोल दिया जाएगा। इस दौरान जो विद्यार्थी पहले फार्म नहीं भर सके थे या फिर विद्यार्थियों ने जिन कॉलेजों में दाखिले के लिए फार्म भरा था उसमें नंबर नहीं आया। उन विद्यार्थियों के लिए विभाग की ओर से एक बार फिर पोर्टल खोला जाएगा। इससे कि कोई भी विद्यार्थी दाखिला लेने से वंचित न रह जाए और सीट भरने तक ओपन काउंसलिंग और पोर्टल ओपन रहने की प्रक्रिया जारी रहेगी।