फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा की जाएगी मजबूत

Sun, 04 Jan 2026 01:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला
विज्ञापन
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते सुरक्षा व रेलवे अ​धिकारी। संवाद
विज्ञापन
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस और पूर्व में मिल चुकी धमकियों को देखते हुए अभी से जीआरपी व आरपीएफ तैयारी में जुट गई हैं। वहीं संयुक्त तौर पर सुरक्षा टीमों ने रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर स्टेशन का निरीक्षण शुरू कर दिया है ताकि समय रहते खामी को दूर किया जा सके। इसकी शुरुआत रेलवे स्टेशन पर अनधिकृत पार्किंग से की गई है और यहां खड़े वाहनों के दस्तावेजों को खंगालने का काम शुरू कर दिया गया है।
विज्ञापन

स्टेशन पर सुरक्षा को लेकर पार्किंग ठेकेदार को विशेष निर्देश दिए गए हैं, उसे सभी आवागमन वाले स्थानों पर अत्याधुनिक कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, इसके अलावा उसे अगर कोई संदिग्ध वाहन या व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत इसकी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को भी देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके। इसके अलावा बाहर से आने वाले दूसरे राज्याें के वाहनों की भी सूची बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशन पर टीटीई की तैनाती
सुरक्षा एजेंसियों के निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर भी सबसे बड़ी खामी नजर आई। स्टेशन से प्लेटफार्म तक जाने वाले किसी भी आवागमन द्वार पर न तो कोई टीटीई तैनात था और न ही कोई अन्य कर्मचारी। इस चूक को सुधारने के लिए भी रेलवे अधिकारियों से मंत्रणा की गई है ताकि प्रत्येक द्वार पर एक टीटीई की ड्यूटी रहे और इससे बिना टिकट के लोग प्लेटफार्म पर न पहुंंच पाएं।
विज्ञापन

50 अतिरिक्त कैमरों की मांग
आरपीएफ ने भी कैंट रेलवे स्टेशन के कुछ संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया है और यहां लगभग 50 अतिरिक्त कैमरे लगाने के लिए भी संबंधित विभाग को पत्र लिखा है ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति कैमरे की आंख से बच न पाए। इसके अलावा सादी वर्दी में तैनात कर्मचारियों की संख्या में भी बढ़ोतरी का फैसला किया गया है।
स्टेशन पर सबसे बड़ी परेशानी वाहनों की पार्किंग से जुड़ी है, जिसका जहां मन करता है, वहां वो अपने वाहन खड़ा करके चला जाता है। ऐसे में दुर्घटना हो सकती है। इसलिए अब ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसके लिए ठेकेदार को भी निर्देश दिए गए हैं।
- हरीश कुमार, प्रभारी जीआरपी, अंबाला
आरपीएफ के कर्मचारी मुस्तैद हैं और उन्हें रेलवे परिसर सहित प्लेटफार्माें पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्टेशन के प्लेटफार्म पर आने वाले रास्तों पर टीटीई की तैनाती को लेकर रेलवे अधिकारियों से मंत्रणा की गई है।
- रविंद्र सिंह, प्रभारी, आरपीएफ अंबाला

अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते सुरक्षा व रेलवे अधिकारी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें