अंबाला। शंभू बॉर्डर से हटाए गए किसानों की ओर से दी गई रेल रोकने की चेतावनी के मद्देनजर रेलवे ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। रेलवे ट्रैक पर गश्त भी बढ़ा दी गई है। किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए जीआरपी के साथ आरपीएफ जवान भी तैनात किए गए हैं
दूसरी तरफ किसानों को रेलवे ट्रैक तक न आने से रोकने के लिए जिला पुलिस की मदद ली जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग के आला अधिकारी हालात पर नजर जमाए हुए हैं।
प्रशासन ने पंजाब में नेट किया बंद
बुधवार सुबह से ही अंबाला मंडल के अधीन सभी रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सादी वर्दी में रेलवे स्टेशन के आसपास भी कर्मचारी तैनात किए गए हैं ताकि अगर किसानों की कोई हलचल हो तो वो तुरंत विभागीय अधिकारियों को बताई जा सके। वहीं एहतियात के तौर पर पंजाब में इंटरनेट सर्विस भी बंद कर दी गई हैं। हालांकि इसमें इमरजेंसी सर्विस की सुविधा पहले की तरह बहाल रखी गई है। रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर भी विभागीय अधिकारी लगातार सूचना प्राप्त कर रहे हैं।
ट्रेनों का सुरक्षित संचालन प्राथमिकता
रेलवे ने ट्र्रेनों के सुरक्षित संचालन को लेकर भी स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी है। ट्रेन संचालन में जुटे लोको व सह लोको पायलटों सहित गार्ड को भी पूरी चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यह भी चेतावनी दी गई है कि अगर उन्हें रेलवे ट्रैक पर किसान नजर आएं तो वो एक निश्चित दूरी पर ट्रेन को रोक लें और तुरंत इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों के साथ साझा करें ताकि मौके पर सुरक्षा बलों को भेजा जा सके।
दिनभर सामान्य रहा रेल संचालन
रेलवे से प्राप्त जानकारी अनुसार, बुधवार को ट्रेनों का संचालन पूर्व की तरह ही जारी रहा। अंबाला कैंट से चंडीगढ़, लुधियाना व बठिंडा की तरफ जाने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई और सुरक्षित गंतव्य स्टेशन पर भी पहुंची।
कोट...
अंबाला मंडल के अधीन किसी भी रेल खंड के प्रभावित होने की जानकारी नहीं है। पूर्व की तरह ही ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन फिर भी ट्रेन संचालन में जुटे कर्मचारियों और आरपीएफ को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
-नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।