अंबाला। त्योहारों के मद्देनजर आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने रविवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान आरपीएफ के डॉग स्कवाड की टीम भी मौजूद रही। सुरक्षा टीम ने रेलवे परिसर व पार्किंग सहित प्लेटफार्म, विश्रामगृह और अनारक्षित टिकट केंद्र सहित खानपान के स्टालों की भी जांच की, हालांकि इस दौरान टीम को कोई भी संदिग्ध वस्तु नजर नहीं आई। आरपीएफ के प्रभारी रविंदर सिंह ने यात्रियों को जागरूक करते हुए कहा कि स्टेशन पर व ट्रेन में सफर के दौरान वह संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्ति पर नजर रखें, अगर उन्हें अपने आसपास कुछ ऐसा प्रतीत होता है तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस कर्मचारी को दें। इसके अलावा यात्री रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी संपर्क कर सकते हैं।