अंबाला सिटी। सेक्टर-एक का सामुदायिक भवन कई वर्ष से बंद है। भवन की हालत खस्ता होने से यहां सेक्टरवासी अपने कार्यक्रम भी नहीं कर पा रहे। सेक्टर एसोसिएशन डीसी और नगर निगम आयुक्त के समक्ष भी समस्याओं को रख चुकी है। इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ।
सेक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारी डीसी की बैठक में भी सामुदायिक भवन की रिपेयर कराकर एसोसिएशन को सौंपने की मांग कर चुके हैं। वहीं, सेक्टरवासियों को बैठक, शादी-विवाह और रस्म किरया जैसे कार्यक्रम बाहर करने पड़े हैं।
भवन की हालत सुधारने का कई बार दावा
सभी सेक्टरों में सामुदायिक भवन खस्ता हालत में हैं। इनमें अब बुकिंग भी कम ही हो रही है। इन सामुदायिक भवन की हालत को सुधारने के लिए निगम अधिकारी कई बार दावा कर चुके हैं। अभी तक इनकी हालत ऐसी ही है, जबकि कई भवन ऐसे भी है, जो नए बने हैं, वहां बुकिंग भी हो रही है।
शीशे टूटे पड़े, झाड़ियां भी उगीं
सेक्टर-एक के भवन के गेट पर ताला लगा है। अंदर झाड़ियां उगी हैं। भवन के अंदर शीशे भी टूटे हैं। इस भवन की तरफ लंबे समय से ध्यान नहीं दिया जा रहा। सेक्टरवासी कई बार भवन की हालत सुधारने के लिए निगम को पत्र लिख चुके हैं। भवन की पांच साल से खस्ता हालत हैं। इसकी रिपेयर भी नहीं की गई। सेक्टर-एक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अरविंद अग्रवाल ने बताया कि सामुदायिक भवन की रिपेयर के लिए निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया है। अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
नगर निगम रेंट ब्रांच से क्लर्क बंटी ने बताया कि सेक्टर-एक सामुदायिक भवन अभी बंद है। यहां इंजीनियरिंग ब्रांच का सामान भी पड़ा है। भवन की रिपेयर करवाई जाएगी। सामुदायिक भवनों की रिपेयर की ओर से प्रक्रिया चल रही है।