नारायणगढ़। काला आम्ब चौकी पुलिस ने अवैध हथियार मामले में दूसरे आरोपी भगवत उर्फ अनुज (निवासी दुर्गा कॉलोनी, काला आम्ब) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। इससे पहले 20 नवंबर को एएसआई देवेंद्र कुमार, एएसआई सूबे सिंह व टीम ने सूचना पर मारकंडा पुल के पास घेराबंदी कर विजय कुमार (निवासी शिवालिक कॉलोनी, काला आम्ब) को अवैध हथियार व कारतूस सहित पकड़ा था। रिमांड में मिले तथ्यों के आधार पर 21 नवंबर को भगवत उर्फ अनुज को काबू किया गया। पुलिस उससे अन्य संलिप्त लोगों का पता लगा रही है, जबकि विजय कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। संवाद
बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार
अंबाला सिटी। थाना सेक्टर-9 पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की है। एएसआई सतीश कुमार व टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश दीप (निवासी गिरी कॉलोनी, देवीगढ़, जिला पटियाला, पंजाब) को काबू किया। मामले के अनुसार सूरज (निवासी हीरा नगर) ने 10 सितंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 1 सितंबर को अग्रसेन चौक के पास से किसी अज्ञात ने उसकी बाइक चोरी कर ली। जांच के बाद आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। संवाद