अंबाला। आरटीआई एक्टिविस्ट के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने तथा ब्लैकमेल करने के आरोप में एसडीएम ने केस दर्ज कराया है। शिकायत में बताया गया कि कुरुक्षेत्र के गांव अटवाल निवासी बजिंद्र सिंह आर्य ने 10 दिसंबर 2021 को आरटीआई के तहत जनसूचना अधिकारी ईओ नगर परिषद अंबाला कैंट से सूचना मांगी थी। बजिंद्र सिंह को कोई सूचना न मिलने के कारण 25 फरवरी 2022 को प्रथम अपीलेट अथॉरिटी एसडीएम अंबाला कैंट की कोर्ट में अपील दायर की गई।
सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को 16 मार्च 2022 को बुलाया गया था, लेकिन उस दिन किन्हीं कारणों से सुनवाई नहीं हुई। अगली तारीख 30 मार्च को अपीलकर्ता बजिंद्र सिंह व नगर परिषद की ओर से आरटीआई सहायक शलिंद्र पहुंचे। बताया गया कि जो जानकारी बजिंद्र सिंह द्वारा मांगी जा रही है, वह थर्ड पार्टी से संबंधित है, जो प्रदान नहीं की जा सकती। इतना सुनते ही बजिंद्र सिंह तैश में आकर ऑफिस से बाहर चला गया। आरोप है कि आरोपी बजिंद्र सिंह बार-बार आरटीआई के तहत प्रार्थना पत्र लगाकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है और ब्लैकमेल करता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।