अंबाला सिटी। त्योहारी सीजन की शुरूआत हो चुकी है लेकिन बाजारों में ग्राहकों का रुझान कम दिखाई दे रहा है। सिटी की कपड़ा मार्केट व शुकुलकुंड रोड को होलसेल मार्केट का हब माना जाता है। यहां के स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि कारोबार काफी मंदी के दौर से गुजर रहा है। कोरोना से पहले ग्राहक करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली व भैया दूज सभी त्योहारों के लिए खरीदारी एक ही समय में करते थे लेकिन आज स्थिति विपरीत है।
बहरहाल ग्राहकों का रुझान करवा चौथ की खरीदारी करने में लगा हुआ है। करवाचौथ के बाद वे दीपावली व अन्य त्योहारों की खरीदारी करने फिर से मार्केट पहुंचेंगे। वहीं दुकानदारों ने त्योहारी सीजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी दुकानदारों ने ग्राहकों के अनुसार वैरायटी दुकानों पर उपलब्ध की हुई है। दुकानदारों ने सजावट से संबंधित समान, इलेक्ट्रिक लाइटें, बंदरवाल, शुभ दीपावली, मिट्टी के दिए, कैंडल, कलरफुल फ्लॉवर्स करवा थाली सेट आदि दुकानों पर रखे हुए हैं।
इसी प्रकार, कांच की चूड़ी, सीप का चूड़ा, एडी बैंगल्स, पीतल की चूड़ी, करवा चौथ को लेकर हर प्रकार के सामान मार्केट में उपलब्ध किए जा चुकें हैं। रेडीमेंट गारमेंट्स की दुकानों में भी करवा चौथ व त्योहारी सीजन को लेकर हर प्रकार की वैरायटी के साथ तैयारी की गई है। इनमें लेडीज के लिए स्पेशल गाउन, गर्म कुर्तियां व हर प्रकार की वैरायटी ग्राहकों के लिए दुकानों में सजाई जा चुकी है।
चूड़ी की हर प्रकार की वैरायटी
30 वर्षों से शुकुलकुंड रोड पर होलसेल चूड़ी का कारोबार कर रहे हैं। ग्राहकों के लिए हर प्रकार की वैरायटियों की चूड़ियां रखी हैं लेकिन ग्राहकों का रुझान कुछ खास नहीं है।
-रवि मेहंदीरत्ता, संचालक स्वास्तिक बैंगल स्टोर, सिटी।
दुकानदार दिख रहे परेशान
दुकान पर सुंदर सजावट व करवा चौथ स्पेशल थाली सेट रखे गए हैं लेकिन मार्केट में ग्राहकों की भारी कमी चल रही है। इससे दुकानदार थोड़ा परेशान दिखाई दे रहे हैं।
-तरुण जैन, संचालक रमनीक स्टोर, सुकुलकुंड रोड, सिटी।
इस नहीं दिख रह रुझान
हर वर्ष की भांति इस बार भी विभिन्न प्रकार का सामान व गिफ्ट आइटम दुकान पर सजाई गई हैं। ग्राहकों का रुझान पहले की भांति इस बार दिखाई नहीं दे रहा है।
-महेंद्र मल्होत्रा, संचालक भगवती गिफ्ट पैलेस, न्यू दसमेश मार्केट, सिटी।
मंदी से गुजर रहा कारोबार
नवरात्रों के दिनों से ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हो जाती है। इस बार कारोबार मंदी के दौर से गुजर रहा है। आगामी दिनों में क्या रहेगा इसके मात्र कयास ही लगाए जा रहे हैं।
-अशोक कुमार, संचालक मानिका कलेक्शन, होलसेल कपड़ा मार्केट
ग्राहकी में आई भारी कमी
लंबे समय से मार्केट में ग्राहकों की भारी कमी पाई गई है। त्योहारी सीजन से दुकानदारों को उम्मीदें हैं। सीजन के शुरुआती दौर में ग्राहकों की कमी दुकानदारों को परेशान कर रही है।
-रोशन कुमार, संचालक रोज सिल्क एडं साड़ी, होलसेल कपड़ा मार्केट