अंबाला सिटी। एसए जैन कॉलेज में आयोजित 48वें क्षेत्रीय युवा महोत्सव का समापन हो गया। महोत्सव के तीसरे दिन का शुभारंभ हरियाणवी समूह नृत्य से हुआ। जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव में ओवरऑल ट्रॉफी एसडी कॉलेज अंबाला कैंट ने जीती और एसए जैन कॉलेज अंबाला शहर रनर अप रहा। इसके साथ ही संगीत, नृत्य, नाट्य एवं साहित्यिक प्रतियोगिता ट्रॉफी एसडी कॉलेज अंबाला कैंट और ललित कला प्रतियोगिता ट्रॉफी राजकीय महाविद्यालय अंबाला छावनी ने प्राप्त की। प्रतिभागियों ने ट्रॉफी मिलने पर नाचकर जश्न मनाया।
मुख्यातिथि के तौर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि सुरिंद्र कुमार जैन रहे। इस अवसर पर युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. विवेक चावला, उप निदेशिका डॉ. सलोनी पवन दीवान और सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष एवं बाबू अनंत राम जनता कॉलेज कौल के प्राचार्य डॉ. ऋषिपाल उपस्थित रहे।
विज्ञापन
मुख्यातिथि प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यह मंच केवल प्रतियोगिता का नहीं, बल्कि रचनात्मक अभिव्यक्ति और भारतीय संस्कृति का मंच है। हमारे युवा प्रतिभागी हमारी संस्कृति के सच्चे वाहक हैं। विशिष्ट अतिथि सुरिंद्र कुमार जैन ने कहा कि यह महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कॉलेज प्रबंधक समिति के संयुक्त सचिव राजीव जैन ने कहा कि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने नए आयाम स्थापित किए हैं और कॉलेज परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग से डॉ. विनीत जैन ने किया। अंत में कॉलेज प्राचार्या डाॅ. आभा बंसल ने सभी का आभार जताया।