अंबाला सिटी। शैक्षणिक और मेडिकल उपकरणों को लेकर अंबाला ने देश और विदेश में ‘साइंस सिटी’ के रूप में अपनी पहचान बनाई है। जिला प्रशासन और म्यूनिसिपल कारपोरेशन साइंस सिटी की पहचान को और अब मजबूत व ख्याति प्रदान करना चाहता है। इसके लिए जिला प्रशासन ने एमसीए की मदद से अंबाला शहर में एक साइंस म्यूजियम व आडिटोरियम बनाने का शानदार प्रोजेक्ट तैयार किया है।
इस म्यूजियम और आडिटोरियम को इस स्तर का बनाया जाएगा कि पूरे हरियाणा में यह स्पॉट अपनी अलग पहचान बनाए। इस प्रस्ताव को तैयार कर लिया गया है, एमसीए के पार्षदों की मंजूरी के बाद इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
एमसीए उपलब्ध करवाएगा जमीन
प्रशासन के इस प्रोजेक्ट के लिए एमसीए काकरू में जमीन उपलब्ध करवाएगा। दरअसल, शहर का काकरू अब नगर निगम में आने के बाद काकरू पंचायत की पंचायती जमीन भी अब एमसीए के अधीन आ गई है। चूंकि जमीन बढ़िया लोकेशन में हैं, इसलिए प्रशासन इसी जमीन पर इस साइंस म्यूजियम और आडिटोरियम को तैयार करेगा।
इस साइंस म्यूजियम और साइंस आडिटोरियम को हैदराबाद व बैंगलोर में स्थित साइंस म्यूजियम व आडिटोरियम की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने एक ट्रेवलिंग एजेंटों की एक टीम बनाई है, जिसमें विशेषज्ञ भी शामिल है। ये टीम वहां दौरे करने के बाद प्रशासन को बताएगी कि अंबाला में साइंस म्यूजियम और साइंस आडिटोरियम कैसा होना चाहिए। इस म्यूजियम में सांइस से जुड़े विभिन्न अविष्कार, साइंस जगत को अंबाला की साइंस सिटी ने दिए अविष्कारों व अन्य कई तरह की उत्सुकता पैदा करने वाली साइंस संबंधी प्रयोगों का लाइव डेमो की व्यवस्था यहां लोगों व छात्रों के लिए की जाएगी।
कोट
प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इसके लिए एमसीए की ओर से काकरू में जगह फाइनल करनी है। इसके लिए अभी एमसीए के पार्षद सदस्यों से चरचा करनी है। अंबाला के लोगों के लिए ये नायाब तोहफा होगा। इसके लिए प्रस्तावित बजट अभी तैयार किया जाना है।
-के. मकरंद पांडुरंग, कमिश्नर एमसीए एवं डीसी