उपायुक्त अशोक सांगवान ने कहा कि सरकार के निर्णय के अनुसार जिला के सभी राजकीय, निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालय 31 जनवरी तक बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में छुट्टियां करने का निर्णय प्रदेश में गहरी धुंध और अधिक सर्दी होने के कारण लिया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों व जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर अपने जिला में सरकार के इस फैसले को लागू करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि निर्णय के तहत सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ निजी और सीबीएसई बोर्ड से संबंधित विद्यालयों में भी इस अवधि के दौरान छुट्टियां रहेंगी।