फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: पानी से भरे अंडरपास में फंसी 30 बच्चे सवार स्कूल बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली से निकाला

विज्ञापन
जेसीबी से बस को निकालते हुए
विज्ञापन
बराड़ा। सोमवार सुबह बराड़ा के मौजगढ़ रेलवे अंडरपास में जलभराव के कारण स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस और एक मिनी बस (टाटा ऐस) बीच में फंस गई। पानी का स्तर करीब 5 फीट होने के कारण बस बंद हो गई और पानी गाड़ी के भीतर घुसने लगा, जिससे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने करीब दो में ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सभी 30 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जेसीबी बुलाकर दोनों वाहनों को बाहर खींचा गया। अंडरपास में बीते दिनों हुई बारिश का पानी भरा हुआ था।
विज्ञापन

ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार सुबह एक निजी स्कूल बस 30 बच्चों को लेकर बराड़ा की तरफ आ रही थी। मौजगढ़ अंडरपास में पहले से ही भारी जलभराव था, इसके बावजूद चालक ने बस पानी में उतार दी। बीचों-बीच पहुंचते ही पानी गहरा होने से इंजन बंद हो गया। इसी दौरान पीछे आ रही एक अन्य मिनी बस भी वहीं फंस गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि मिनी बस पानी के ऊपर तैरने लगी। हालांकि, मिनी बस से बच्चों को किसी तरह समय रहते पीछे के रास्ते से बाहर निकाल लिया गया था।
-
रेत-बजरी वाला ट्रैक्टर बना मददगार
घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण और चौकी प्रभारी शीशपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पास में ही रेत-बजरी का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी के बीच उतारा। ट्रॉली को बस से सटाकर एक-एक करके सभी बच्चों को उसमें शिफ्ट किया गया। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद बच्चों को दूसरी बस के जरिये स्कूल भिजवाया गया।
विज्ञापन


रेलवे अंडरपास बना मुसीबत
अंबाला-सहारनपुर रेलमार्ग पर स्थित मौजगढ़ और रेलवे स्टेशन के पास बने दोनों अंडरपास लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फर्श और दीवारों से लगातार पानी रिसने के कारण यहां पूरे साल पानी भरा रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से अंडरपास में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अनहोनी न हो।
वर्जन
सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू कराया गया। पानी में उतरकर सभी 30 बच्चों को सुरक्षित ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये बाहर निकाला गया और स्कूल पहुंचाया। बाद में जेसीबी की मदद से दोनों वाहनों को अंडरपास से बाहर खींच लिया गया है।
विज्ञापन

— रामकरण, थाना प्रभारी, बराड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें