अंबाला/मुलाना। 37वीं नेशनल गेम्स की शूटिंग स्पर्धा में मुलाना के धीन गांव निवासी 20 वर्षीय सरबजोत ने रजत पदक हासिल किया है। ये प्रतियोगिता 2 से 9 नवंबर तक गोवा में आयोजित की जा रही है। पहले दिन शुक्रवार को हुए शूटिंग के मुकाबलों में सरबजोत ने 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक प्राप्त किया। हालांकि शनिवार को भी उनका एक मुकाबला होना है। बता दें कि 21 नवंबर से 1 अक्तूबर तक कोरिया में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी सरबजोत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए थे। बल्कि ओलंपिक कोटा भी हासिल कर लिया था। इस कोटे के लिए सरबजोत को सालों से इंतजार था। यह अंबाला ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व की बात हैं। फीनिक्स क्लब शूटिंग अकादमी के कोच अभिषेक राणा व पिता जतिंद्र सिंह ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
आईएसएसएफ वर्ल्डकप में शामिल हाेने के लिए दोहा कतर के लिए रवाना होगा सरबजोत
शूटिंग कोच अभिषेक राणा ने बताया कि सरबजोत का अगला निशाना आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के स्वर्ण पर होगा। वह गोवा में चल रहे राष्ट्रीय खेलों के समापन के बाद 16 से 22 नवंबर तक दोहा कतर देश में होने वाली वर्ल्ड कप के लिए रवाना होंगे। बता दें कि गत माह चीन के हांगझोउ में हुए एशियन गेम्स में भी सरबजोत सिंह ने कुल पांच पदक हासिल किए थे। सरबजोत के पिता जतिंद्र ने बताया कि वह पेशे से किसान हैं। 2012 में पढ़ाई के दौरान स्कूल में आयोजित शिविर में सरबजोत ने पहली बार निशाना लगाया था। इसके बाद 2016 में उसने गांव से अंबाला कैंट के फीनिक्स क्लब की शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण लेना शुरू किया।
-